Jamshedpur: दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल प्रशिक्षण संस्थान (जेडआरटीआई), सिनी में एक दिवसीय बहुविषयक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में दक्षिण पूर्व रेलवे एवं ईस्ट कोस्ट रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने दुर्घटना के दौरान गोल्डन आवर के महत्व, एम्बुलेंस सेवा 102 एवं 108, घायलों के ट्रायेज (प्राथमिक वर्गीकरण), सुरक्षित परिवहन, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), फर्स्ट एडर की भूमिका तथा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विस्तृत जानकारी दी।
मानसून के मौसम को देखते हुए सर्पदंश से बचाव, विषैले एवं गैर-विषैले सांपों की पहचान तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों पर भी डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित उपयोग, आवश्यक सावधानियों एवं अग्निशमन तकनीकों का मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबलपुर, रायपुर, भुवनेश्वर और आद्रा मंडल से आए कुल 65 रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजर शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में जेडआरटीआई के मुख्य अनुदेशक संतोष कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा दिए गए आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण की सराहना करते हुए इसे रेलवे कर्मियों के लिए अत्यंत उपयोगी और व्यवहारिक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रशिक्षण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए कर्मचारियों को बेहतर ढंग से तैयार करता है।
















