Potka : दुर्गा अष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार अपने पूरे परिवार के साथ मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने हल्दीपोखर पहुंचे। पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विधायक अपनी पत्नी रानिता सरदार, पुत्र आयन सरदार और प्रवीर सरदार तथा पुत्री श्रेया सरदार के साथ ब्राह्मण परिवार द्वारा आयोजित क्षेत्र की प्राचीन दुर्गा पूजा में शामिल हुए। पूरे परिवार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की।
विधायक ने मां दुर्गा के समक्ष हाथ जोड़कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे पोटका विधानसभा क्षेत्र के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान विधायक और उनका परिवार भक्तिभाव में लीन नजर आया।
पूजा-अर्चना के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा, “आज मैं अपने पूरे परिवार के साथ मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने आया हूं। जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा परिवार सिर्फ मेरे घर तक सीमित नहीं है, पोटका विधानसभा क्षेत्र की पूरी जनता भी मेरे परिवार का हिस्सा है। मां से यही प्रार्थना है कि हर घर में सुख-शांति रहे, लोग स्वस्थ रहें और क्षेत्र में हमेशा आपसी प्रेम व भाईचारा बना रहे।”
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां दुर्गा ने असुर शक्तियों का नाश किया, उसी प्रकार समाज में वैमनस्य, नफरत और आपसी द्वेष फैलाने वाली प्रवृत्तियों का भी अंत होना चाहिए। विधायक ने क्षेत्रवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
विधायक ने बताया कि हल्दीपोखर में ब्राह्मण परिवार की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा पोटका क्षेत्र की प्राचीन पूजा परंपराओं में शामिल है। इस आयोजन के प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। इसी परंपरा के तहत वह इस वर्ष भी पूरे परिवार के साथ मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पहुंचे।
प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को अष्टमी और नवमी की पूजा हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। सुबह चार बजे से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह 7:39 बजे तक अष्टमी पूजा हुई, जिसके बाद संधि बलि के साथ नवमी पूजा आरंभ हुई। देर रात तक पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर रहा।
पूजा के अवसर पर पुरोहित देबु शर्मा, टूरा शर्मा, उपमुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, देव पालित, संस्कार राम, कल्याण सरकार और सुखेंदु गुहा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

















