जुगसलाई विधानसभा में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का विधायक मंगल कालिंदी ने किया निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान का शनिवार को विधायक मंगल कालिंदी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रही प्रक्रियाओं का जायजा लेते हुए मतदाता सूची को त्रुटिहीन, सटीक और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक मंगल कालिंदी के साथ जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, रामनवमी सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मुलाकात कर प्रपत्र वितरण, घर-घर किए जा रहे भौतिक सत्यापन तथा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के इस अभियान को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची है। उन्होंने लोगों से अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कराने तथा पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आगे आने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई स्थानीय कार्यकर्ता, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें