Ramgarh : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को बोकारो जिले में निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन कर क्षेत्र में बेहतर आवागमन के लिहाज से इसकी उपयोगिता को समझा। वापसी के क्रम में उन्होंने सेवाती घाटी का भी निरीक्षण किया।
कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
सड़क निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक स्थानीय दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक कल्पना सोरेन के साथ बैठकर गरमा-गरम चाय और पकौड़ी का आनंद लिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर दुकान पर मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने क्षेत्र की स्थिति, जनजीवन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी ली। विधायक कल्पना सोरेन ने भी लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री और विधायक को अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
















