Jadughoda : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीतारामपुर, आसनसोल में 13 और 14 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय जोनल खान बचाव प्रतियोगिता का मंगलवार को भव्य उद्घाटन हुआ। डीजीएमएस, ईस्टर्न जोन, सीतारामपुर के सेफ्टी डिप्टी डायरेक्टर सुप्रियो भट्टाचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
10 टीमें ले रही हैं हिस्सा
प्रतियोगिता में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की सात टीमों के अलावा यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) की दो और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, घाटशिला की एक टीम सहित कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस प्रतियोगिता में खान बचाव कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन, तकनीकी दक्षता और आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता का आकलन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाली फाइनल खान बचाव प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
केके राव कर रहे हैं यूसीआईएल की टीमों का नेतृत्व
यूसीआईएल की ए और बी टीमों का नेतृत्व रेस्क्यू अधीक्षक सह डीजीएम (मिल्स एवं माइंस सेफ्टी) केके राव कर रहे हैं। टीम मैनेजर अमिताभ मिश्रा के साथ कोच सीके कुजूर और बाबूलाल डे भी टीमों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
यूसीआईएल की ए टीम में शामिल प्रतिभागी
यूसीआईएल की ए टीम में के. लालू (नरवा पहाड़), सागर बेसरा और नारायण हांसदा (जादूगोड़ा), अनिल मुर्मू एवं रोहित लुगुन (तुरामडीह), आरके राणा (महुलडीह) तथा शंकर दास (बागजाता) शामिल हैं।
बी टीम में ये खिलाड़ी शामिल
यूसीआईएल की बी टीम में पंकज कुमार रजक (तुरामडीह), कार्तिक कुमारी गोप एवं बीरबल सोरेन (महुलडीह), लखन हांसदा (बागजाता), अमित सिंह एवं केएस रेड्डी (जादूगोड़ा) तथा वासुदेव हांसदा (बागजाता) अपनी तकनीकी दक्षता और खान बचाव कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में यूसीआईएल की दोनों टीमें बेहतर प्रदर्शन कर सर्वश्रेष्ठ टीम का खिताब हासिल करने और दिसंबर में होने वाली फाइनल प्रतियोगिता में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खान बचाव कर्मियों की तकनीकी क्षमता, सुरक्षा के प्रति सजगता और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी को परखा जा रहा है।

















