Jamshedpur : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 से 28 नवंबर) के समापन पर समाहरणालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त राजीव रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच कुल 5 करोड़ 69 लाख 5 हजार 600 रुपये की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान जिला से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने लाभुकों से योजनाओं का बेहतर उपयोग कर अपनी आजीविका एवं आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के चार लाभुकों को 4.47 लाख रुपये की सौर ऊर्जा आधारित पंप एवं किसान क्रेडिट कार्ड की स्वीकृति दी गई। मत्स्य विभाग के नौ लाभुकों को 44.40 लाख रुपये के बायोफ्लॉक तालाब एवं नाव का लाभ मिला। पशुपालन विभाग के चार लाभुकों को 2.70 लाख रुपये की ब्रॉयलर कुक्कुट योजना तथा गव्य विकास विभाग के दो लाभुकों को दो लाख रुपये की पनीर-खोआ मेकिंग यूनिट प्रदान की गई।
वहीं, अबुआ आवास योजना के दो लाभुकों को स्वीकृति पत्र और आठ लाभुकों को वन पट्टा दिया गया। जेएसएलपीएस के तहत फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, कैश क्रेडिट लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि एवं समावेशी आजीविका योजना के माध्यम से दो हजार से अधिक लाभुकों के लिए 4.54 करोड़ रुपये की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर JAC, CBSE एवं ICSE बोर्ड के टॉपर्स सात छात्र-छात्राओं को मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 18 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सामाजिक सुरक्षा के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
इसके अलावा सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बोड़ाम के बीडीओ किकु महतो एवं गोलमुरी-सह-जुगसलाई के बीडीओ सुमित प्रकाश सहित संबंधित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, निदेशक एनईपी राजेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।
















