राईका गांव पहुंचे पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, ग्रामीणों ने राशन, स्वास्थ्य और पेयजल की समस्याएं उठाईं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मंगलवार को नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत पेटेता पंचायत के राईका गांव पहुंचे। ग्रामीणों के आमंत्रण पर गांव पहुंचे पूर्व मंत्री से लोगों ने मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और राशन वितरण सहित कई बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया।

तीन महीने में एक बार राशन मिलने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन वितरण में अनियमितता के कारण गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें तीन महीने में एक बार राशन मिलता है और वह भी सभी लाभुकों को उपलब्ध नहीं हो पाता। दूसरी ओर, राशन कार्डधारियों की हर महीने पंचिंग की जाती है। ग्रामीणों ने नियमित एवं निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं की कमी से परेशानी

ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीमार पड़ने पर उचित चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं होने और बिजली से जुड़ी समस्याओं के कारण भी ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री से आग्रह किया कि वे इन समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में पहल करें। उन्होंने नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की।

समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी शिकायतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेंगी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान भाजपा नेता राय भूमीज सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और राईका गांव के ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें