पटकार समाज ने सांसद कालीचरण मुंडा को सौंपा ज्ञापन, झारखंड की जाति सूची में शामिल करने की उठाई मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत जुगीडीह गांव के ग्रामीणों एवं पटकार समाज के प्रतिनिधियों ने खूँटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा को ज्ञापन सौंपकर पटकार, चित्रकार, पटिकार, परकार, चीतरकार, पटेकार एवं परिकर उपजातियों को झारखंड की जाति सूची में शामिल करने की मांग की है।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जुगीडीह (पोस्ट- गोपीडीह, थाना- कुचाई, जिला- सरायकेला-खरसावां) के निवासी पीढ़ियों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं। इसका उल्लेख पुराने सर्वे खतियान में भी मिलता है। खतियान में इन उपजातियों का स्पष्ट उल्लेख होने के बावजूद झारखंड की आधिकारिक जाति सूची में इनके नाम शामिल नहीं किए गए हैं।

समाज के लोगों का कहना है कि जाति सूची में नाम नहीं होने के कारण उन्हें जाति प्रमाण पत्र बनवाने सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पश्चिम बंगाल में चित्रकार जाति को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में शामिल किया गया है। वहीं ओडिशा में चित्रकार को ओबीसी तथा पटिकार को अनुसूचित जाति (SC) की श्रेणी में रखा गया है।

पटकार समाज ने सांसद कालीचरण मुंडा से आग्रह किया कि वे पटकार, चित्रकार, पटिकार, परकार, चीतरकार, पटेकार और परिकर उपजातियों को झारखंड की जाति सूची में शामिल कराने के लिए केंद्र एवं राज्य स्तर पर आवश्यक पहल करें, ताकि समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और संवैधानिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

ज्ञापन के साथ समाज के लोगों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर अपनी मांग के समर्थन में एकजुटता भी जताई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.