कदमा के सफाई कर्मचारियों ने विधायक सरयू राय से लगाई गुहार, मानदेय में कटौती पर नगर आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) के अंतर्गत कदमा क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि संवेदक (ठेकेदार) द्वारा निर्धारित मानदेय से कम राशि का भुगतान किया जा रहा है, जबकि उनसे पूर्ण कार्य लिया जाता है।

सफाई कर्मचारियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक सरयू राय ने तत्काल जमशेदपुर अक्षेस के नगर आयुक्त से दूरभाष पर बातचीत कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने नगर आयुक्त से शिकायत की निष्पक्ष जांच कराते हुए सभी कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय का पूरा भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

नगर आयुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि सभी सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार निर्धारित मानदेय का पूर्ण भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी संवेदक द्वारा तय राशि से कम भुगतान किया जा रहा है, तो यह नियमों का उल्लंघन है और संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने राहत व्यक्त की और समस्या के त्वरित समाधान के लिए विधायक सरयू राय का आभार जताया। इस अवसर पर असंगठित मजदूर प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि अमित शर्मा, जदयू युवा मोर्चा के अध्यक्ष नीरज सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.