Potka : पोटका प्रखंड के माटकू पंचायत अंतर्गत बाड़ेडीह स्थित किसान स्पोर्टिंग क्लब फुटबॉल मैदान में रविवार को चबूतरा सह शेड निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया। विधायक संजीव सरदार की विधायक निधि से बनने वाली इस योजना का शिलान्यास उनकी अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने सामूहिक रूप से किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में सुधीर सोरेन, दुखी मरडी, राम कालिंदी, सुनील हाँसदा, विमल बास्के, जोगन टुडू और लोथरो टुडू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि विधायक संजीव सरदार प्रत्येक वर्ष किसान स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने वर्ष 2026 में अपनी विधायक निधि से खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुविधा के लिए चबूतरा सह शेड निर्माण कराने की घोषणा की थी। अब उस घोषणा को अमल में लाते हुए निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास कर दिया गया।
कार्यक्रम में माझी बाबा मोहन मुर्मू ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना वादा निभाकर ग्रामीणों का विश्वास मजबूत किया है। क्लब के सदस्यों और ग्रामीणों ने कहा कि शेड निर्माण के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों को धूप एवं बारिश से राहत मिलेगी, साथ ही खेल गतिविधियों के आयोजन में भी सुविधा होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में किसान स्पोर्टिंग क्लब के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
















