Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत दक्षिण बड़िया पंचायत के टेटाबड़िया गांव निवासी झारखंड आंदोलनकारी दसमथ टुडू को चलने-फिरने में हो रही कठिनाई को देखते हुए झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने नाम्या स्माइल फाउंडेशन के सहयोग से व्हीलचेयर उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, झामुमो मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने दसमथ टुडू की स्वास्थ्य स्थिति से पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को अवगत कराया। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल पहल करते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की।
व्हीलचेयर सौंपते हुए कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्हीलचेयर मिलने से दसमथ टुडू को दैनिक कार्यों के साथ-साथ आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और उनके जीवन की कठिनाइयां कुछ हद तक कम होंगी।
इस अवसर पर झामुमो के हीरा सिंह, पूर्णेंदु आचार्य, विक्रम साव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दसमथ टुडू के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की।
















