SIR-2026 में गड़बड़ी का आरोप, भाजपा नेता विशु महतो ने बीएलओ की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेता विशु महतो ने गम्हरिया अंचल अधिकारी से मुलाकात कर बीएलओ (BLO) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लिखित शिकायत सौंपी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

भाजपा नेता ने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित मतदान केंद्र संख्या-138 (कुंती कुमारी) एवं मतदान केंद्र संख्या-139 (लक्ष्मी रानी महतो) पर बीएलओ द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन नहीं किया जा रहा है। इसके बजाय “शिफ्टिंग” के नाम पर कई वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के सैकड़ों मतदाताओं के नाम सूची से बाहर होने की आशंका बढ़ गई है।

विशु महतो ने बताया कि विभाग की ओर से SIR प्रक्रिया में बीएलओ की सहायता के लिए अधिकांश बूथों पर वालंटियर की तैनाती की गई है, लेकिन आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर वालंटियर ड्यूटी पर मौजूद नहीं हैं। इससे बीएलओ पर कार्य का अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और गणना प्रपत्र भरने तथा सत्यापन की प्रक्रिया धीमी हो गई है।

भाजपा नेता ने अंचल अधिकारी से मतदान केंद्र संख्या-138 और 139 पर तत्काल जांच टीम भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य फर्जी मतदाताओं के नाम हटाना है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ हैं। यदि बीएलओ की लापरवाही से किसी पात्र मतदाता का नाम कटता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।”

इधर, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अपने गणना प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को जमा कर रहे हैं। सुबह से ही कई बूथों पर लोगों की कतारें देखी गईं।

गम्हरिया अंचल अधिकारी ने भाजपा नेता द्वारा दी गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराने तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें