Chaibasa : मंझारी प्रखंड अंतर्गत JSLPS से जुड़ी विभिन्न महिला समूहों की सक्रिय कैडर दीदियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल से मुलाकात की। इस दौरान महिला कैडरों ने उन्हें मांग पत्र सौंपते हुए मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
महिला कैडरों ने बताया कि JSLPS के माध्यम से वे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ आजीविका, बैंकिंग, कृषि तथा सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद वर्तमान में उन्हें ₹1,500 मानदेय दिया जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई और कार्य की जिम्मेदारियों को देखते हुए काफी कम है।
₹800 और ₹500 प्रतिदिन मानदेय की मांग
कैडर संघ की महिलाओं ने मांग की कि पंचायत स्तरीय कैडर के लिए ₹800 प्रतिदिन तथा ग्राम संगठन स्तरीय कैडर के लिए ₹500 प्रतिदिन मानदेय निर्धारित किया जाए। इसके अलावा कार्य के दौरान होने वाले आवागमन के लिए यात्रा भत्ता तथा कैडर महिलाओं के लिए स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
महिलाओं ने जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल से आग्रह किया कि वे उनकी मांगों को उचित मंच पर उठाकर सरकार तक पहुंचाने में सहयोग करें। साथ ही आगामी दिनों में प्रखंड कार्यालय में प्रस्तावित एकदिवसीय धरना में सहयोग करने का भी अनुरोध किया।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कैडर महिलाओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने की बात भी कही गई।
महिला कैडरों का कहना है कि ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में सरकार को उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी के साथ सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि वे बेहतर और सम्मानजनक परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर कैडर संघ की अध्यक्ष सरोजनी दास, सचिव गोरबारी बिरुवा, कोषाध्यक्ष सुमन साडिल सहित नीलिमा बिरुवा, ललिता बिरुवा, सुखमति बिरुवा, शुरु हेंब्रम, लिदुम हेंब्रम, लालमति सिद्धू, गोरबारी गोप समेत बड़ी संख्या में महिला कैडर उपस्थित रहीं।

















