Jamshedpur : साकची स्थित कुश भवन में कुशवाहा संघ, जमशेदपुर की ओर से कुश-जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं भगवान कुश के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह में समाज के मेधावी बच्चों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कवयित्री अंकिता सिन्हा मुख्य अतिथि तथा प्रसिद्ध कथाकार एवं उपन्यासकार जयनन्दन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में उपस्थित लोगों का स्वागत जवाहर लाल सिंह ने किया। उन्होंने संघ की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की संक्षिप्त जानकारी भी दी।
अपने संबोधन में कथाकार एवं उपन्यासकार जयनन्दन ने समाज में आपसी संवाद, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने पर जोर दिया। वहीं, मुख्य अतिथि अंकिता सिन्हा ने अपने संबोधन के साथ शृंगार रस और नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करने वाली कविताओं का पाठ किया। उनकी कविताओं ने कार्यक्रम को साहित्यिक रंग प्रदान किया।
संघ के सचिव रामकुमार सिंह ने संगठन की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सह-सचिव रामानंद भक्त ने संघ की गतिविधियों की जानकारी देते हुए भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा रखी।
संघ के अध्यक्ष शिवकुमार भक्त ने अतिथियों और अपनी टीम के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में वर्कर्स कॉलेज के पूर्व प्राचार्य बी. एन. प्रसाद, कोल्हान विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, संघ के संरक्षक महेश प्रसाद एवं गोपाल प्रसाद, कोषाध्यक्ष अतुल आनंद और डॉ. टी. एन. वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे।
समारोह में सभी सम्मानित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संजय कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संघ के उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया।
आयोजन को सफल बनाने में आशा वर्मा, कान्ता देवी, रामकुमार, राजकुमार प्रसाद, राहुल प्रसाद, अनिल प्रसाद, प्रभा सिन्हा, ममता सिंह, मधु माला, डॉ. उपेन्द्र प्रसाद, के. पी. सिंह और रंजीत कुशवाहा सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से लिट्टी पार्टी का आनंद लिया।
















