Jamshedpur : दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व के अवसर पर मानव सेवा के संकल्प के साथ टीम पीएसएफ ने एसडीपी रक्तदान अभियान की शुरुआत की। 26 अक्टूबर को अभियान के पहले दिन तीन रक्तवीरों ने एसडीपी रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही टीम पीएसएफ ने एसडीपी रक्तदान का 1931 का आंकड़ा पूरा कर लिया।
अभियान के पहले दिन रक्तदान करने वालों में उत्तम कुमार गोराई, डी. रामाकृष्ण राजू और मनिंदर सिंह शामिल रहे। तीनों रक्तवीरों को उनके सेवा भाव और मानव कल्याण के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
रक्तदान के बाद तीनों रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न के रूप में टेबल लैंप और पूजा-अर्चना के लिए पूजन सामग्री भेंट की गई। टीम ने रक्तवीरों के इस योगदान की सराहना करते हुए मानव सेवा के कार्यों में निरंतर भागीदारी का संदेश दिया।
इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. पुष्पा तिवारी, तकनीशियन धीरज कुमार तथा टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, रवि शंकर और कुमारेस हाजरा उपस्थित रहे।
टीम पीएसएफ का यह अभियान त्योहारों के दौरान मानव सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
















