कदमा-सोनारी में लंबित विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, यूआईएसएल और जदयू टीम ने किया क्षेत्र का दौरा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आग्रह पर सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के पदाधिकारियों और जनता दल (यूनाइटेड) के प्रतिनिधियों ने कदमा एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त दौरा कर लंबे समय से लंबित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। घंटों चले निरीक्षण के दौरान कई कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने पर सहमति बनी।

टीम ने कदमा के उलीयान, भाटिया बस्ती, रामनगर चौक, भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव, शास्त्रीनगर सहित विभिन्न इलाकों का दौरा किया। निर्णय लिया गया कि कदमा के नाना-नानी पार्क का मरम्मतीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही नीलसरोवर की सफाई और हेजिंग का कार्य भी किया जाएगा।

कदमा के चंडी बाबा मंदिर से सती घाट तक पुराने ड्रेन का मरम्मतीकरण कराने पर भी सहमति बनी। शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क तक खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मतीकरण किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर नई लाइटें भी लगाई जाएंगी। इसी तरह भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव होते हुए रामनगर हाड़गोदाम तक खराब लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया।

रामनगर सात नंबर रोड स्थित रजक समाज भवन के पीछे से पार्क होते हुए नदी की ओर जाने वाले ड्रेन की सफाई और मरम्मतीकरण भी कराया जाएगा। रामनगर चौक की सड़क की मरम्मतीकरण के साथ वहां यूरिनल निर्माण का भी फैसला लिया गया।

संयुक्त टीम ने साकची स्थित डायमंड शोरूम के पीछे सूख चुके पेड़ को हटाने पर भी सहमति जताई। अधिकारियों और जदयू प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं को मौके पर देखा और उनके समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की।

6 अगस्त की बैठक के बाद शुरू हुआ संयुक्त निरीक्षण

गौरतलब है कि विधायक सरयू राय के निर्देश पर 6 अगस्त को जनता दल (यूनाइटेड) के एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आर.के. सिंह से मुलाकात कर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा था।

ज्ञापन पर चर्चा के बाद आर.के. सिंह ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उन्होंने कंपनी की टीम के साथ प्रतिनिधिमंडल द्वारा संयुक्त क्षेत्र भ्रमण कर लंबित कार्यों को शुरू कराने की दिशा में कदम उठाने की बात कही थी। सोमवार का दौरा इसी पहल की अगली कड़ी रहा।

मंगलवार को सोनारी में होगा संयुक्त दौरा

बताया गया कि मंगलवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू की संयुक्त टीम सोनारी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा करेगी और वहां लंबित विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं का जायजा लेगी।

सोमवार के दौरे में टाटा स्टील यूआईएसएल के सिविल विभाग से दुर्गादास मंडल एवं रणजीत कुमार, पब्लिक हेल्थ विभाग से डॉ. आलोक कुमार, हार्टीकल्चर विभाग से शिवेंद्र कुमार सहित बिजली, स्वच्छता एवं पेयजल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जदयू की ओर से सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, रविशंकर सिंह, शेषनाथ पाठक, दिनेश कुमार, देव कुमार, लक्ष्मण ठाकुर, विनोद सिंह और उषा यादव समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.