Jadugoda: विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार सिंह ने अपने दो दिवसीय झारखंड प्रवास की शुरुआत जादूगोड़ा से की। यहां पहुंचने पर भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन एवं गिरीश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि देश के सामने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर कई चुनौतियां हैं। उन्होंने कथित हलाल सर्टिफिकेशन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए इसे भारतीय बाजार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी चुनौती बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन इसके माध्यम से देश की आर्थिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश अलगाववादी और बाहरी ताकतों की चुनौतियों का भी सामना कर रहा है। उनके अनुसार, वैश्विक बाजार पर कब्जे की कोशिशों के बीच राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक मजबूती जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं विषयों को लेकर संगठन की ओर से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
विहिप नेता ने झारखंड में धर्मांतरण के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों के खिलाफ झारखंड में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन और गिरीश सिंह समेत विहिप के कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। मौके पर शिवाजी क्रांति, सत्य प्रकाश, मानिक बारीक, आकाश साव, प्रभु, विनोद तिवारी, चंद्रनाथ बनर्जी, अंशु सिंह, प्रकाश मेहता, देवी सिंह, अमित शर्मा, पप्पू राव, सुधांशु पति, संजय सिंह, रंजय सिंह, धर्मेंद्र, रवि, सुजीत एवं विक्रम सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















