सरायकेला में विशेष यातायात अभियान, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर शुक्रवार को विशेष यातायात अभियान चलाया गया। यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान मुख्य सड़क और नो-पार्किंग जोन में अनियंत्रित एवं खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने मुख्य सड़क समेत नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन कर वाहन खड़ा करने वाले चालकों से मौके पर जुर्माना वसूला गया। साथ ही चालकों को चेतावनी दी गई कि मुख्य सड़क पर लापरवाही से वाहन पार्क करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

ब्रेकडाउन वाहनों पर लगाए गए रेडियम स्टिकर

अभियान के दौरान सड़क किनारे कुछ ब्रेकडाउन वाहन भी खड़े मिले। ऐसे वाहनों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने उन पर रेडियम और रिफ्लेक्टिव स्टिकर लगाए। इससे रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में दूर से आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर खड़े वाहनों की जानकारी मिल सकेगी और संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सकेगा।

यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.