Jamshedpur : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक पूर्णिमा साहू की उपस्थिति में बारीडीह के 10 नंबर बस्ती स्थित मुखी बस्ती और बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
बारीडीह स्थित मुखी बस्ती में विधायक पूर्णिमा साहू ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने वाले स्वच्छता मित्रों के चरण धोकर, पुष्पवर्षा कर एवं उन्हें सम्मानित किया गया।
घर-घर बांटे गए डस्टबिन
बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में भी स्वच्छता सह जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां स्वच्छता मित्रों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और पुष्पवर्षा कर उनके सेवा भाव के प्रति आभार जताया गया।
दोनों स्थानों पर स्थानीय लोगों के बीच घर-घर डस्टबिन का वितरण किया गया। लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और जिम्मेदारी बनाने की अपील की गई।
‘स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ, स्वावलंबी और सशक्त समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना था। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक नागरिक को अपने घर, मोहल्ले एवं शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्र दिन-रात मेहनत कर जमशेदपुर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सम्मान और प्रोत्साहन के साथ स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना ही महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, महानगर उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।
















