Jamshedpur : कदमा स्थित Andhra Association Middle School में मंगलवार को सत्र 2025–26 के लिए वार्षिक पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक एजुकेशन एक्सटेंशन ऑफिसर जमशेदपुर श्रीमती तेजस्वी कौर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में छात्रों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष मेजर के. सत्यानारायण, महासचिव वी. के. शर्मा तथा अन्य पदाधिकारियों ने अपने प्रेरणादायक विचार रखते हुए छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार ने वार्षिक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती तेजस्वी कौर ने अपने संबोधन में छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। छात्रों ने गणेश वंदना, पंजाबी, तेलुगु, कोलाट्टम, संथाली नृत्य, सोहराई, सोशल मीडिया एक्ट और एकल नृत्य जैसी विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष “ऑल राउंड बेस्ट बॉय” का खिताब हेमंत ठाकुर और “ऑल राउंड बेस्ट गर्ल” का सम्मान जेमा को मिला।
कार्यक्रम के अंत में कक्षा आठ के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। अंत में प्राचार्य विनय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।











