सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार का आरोप, शंकर मुंडा के खिलाफ पोटका, कोवाली व जादूगोड़ा थाने में शिकायत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: पोटका थाना क्षेत्र के निवासी शंकर मुंडा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में शुक्रवार को पोटका, कोवाली और जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पंचायत समिति सदस्यों, पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की ओर से दी गई, जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि धार्मिक स्थल के विकास कार्यों से जुड़े विषयों को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट और पोस्टर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनसे लोगों को भ्रमित करने तथा सामाजिक और धार्मिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पोटका थाना में दिलीप सोरेन तथा जादूगोड़ा थाना में निशिकांत भगत ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि इस प्रकार की सामग्री से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और क्षेत्र में तनाव तथा अशांति की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्थानीय विधायक के नाम और तस्वीर का कथित रूप से भ्रामक तरीके से उपयोग कर सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे आम जनता को गुमराह करने के साथ-साथ विधायक की सामाजिक एवं राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि “Shankar Munda”, “Mrityunjay Sardar Adivasi” तथा “हल्ला बोल पोल खोल” नामक फेसबुक आईडी एवं पेज के माध्यम से कथित रूप से उक्त सामग्री प्रसारित की जा रही है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन पोस्टों के जरिए समाज में भ्रम, तनाव और जातीय वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है।

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।

इस दौरान दिलीप सोरेन, निशिकांत भगत, सागर सरदार, कृष्णा भगत, चक्रधर महतो, नायडू सोरेन, शंखो टुडू, अहमद अली, मदना मुर्मू, पीयूष महाकुड़, रामकृष्ण भगत, आशित महाकुड़ सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.