Jamshedpur: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर संचालित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की जागरूकता मोबाइल वैन बोड़ाम प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव रसिकनगर पहुंची। इस दौरान स्कूली बच्चों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में पैरा लीगल वालंटियर्स (अधिकार मित्र) की टीम ने बंगाल सीमा से सटे पीएम श्री उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, रसिकनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी तथा पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, प्रकाश मिश्रा, निताई चंद्र गोराई और सुशेन चंद्र महतो ने विद्यार्थियों को नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), मानव तस्करी तथा नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे अपने क्षेत्र के लीगल एड क्लीनिक अथवा सिविल कोर्ट परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) कार्यालय से नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना था।

















