Jamshedpur : बारीडीह स्थित पीएम श्री पीपुल्स एकेडमी प्लस टू स्कूल में मंगलवार को सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में एक दिवसीय थिएटर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर आधारित लघु नाटक ‘धरती आबा की सीख’ का मंचन किया।
नाटक के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, उनके आदर्शों और मातृभूमि के प्रति समर्पण को प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को अभिनय का व्यावहारिक अनुभव देने के साथ-साथ अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर भी प्रदान किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के प्रयासों और अभिनय की सराहना की।
थिएटर प्रशिक्षण से निखरी रचनात्मक प्रतिभा
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रंगमंच की बुनियादी जानकारी देना, उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करना और आत्मविश्वास बढ़ाना था। प्रशिक्षण सत्रों में थिएटर गेम्स, कहानी कहने की कला, अभिनय तकनीक, आवाज में उतार-चढ़ाव, उच्चारण, चेहरे के भाव, शारीरिक हाव-भाव और मंच व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता पर विशेष जोर दिया गया।
इतिहास और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का संदेश
विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रदीप पांडेय और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों का अपनी जड़ों, इतिहास और परंपराओं के प्रति जुड़ाव मजबूत होता है।
कार्यक्रम में सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि गौरहरि बिस्वाल, समन्वयक प्रीति मिश्रा और विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रदीप पांडेय उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन सुमन पूर्ति के निर्देशन में किया गया। ज्ञान दीप कुमार और प्रेम शर्मा ने प्रशिक्षक के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्हें रंगमंच की बारीकियों से परिचित कराया।

















