Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित विश्वजीत मणिमेला मैदान में आरडी भट्ठा एवं कॉन्ट्रैक्टर्स एरिया पूजा कमेटी की ओर से दुर्गापूजा के 60वें वर्ष के अवसर पर हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। मंगलवार को नवरात्र के तृतीया तिथि पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और श्री लेदर्स के प्रमुख एवं समाजसेवी शेखर डे ने किया।
500 से अधिक सदस्यों को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान पूजा कमेटी के 500 से अधिक सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुखों और उन समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर मानवता और सेवा की मिसाल पेश की थी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में पूजा कमेटी के सदस्यों और उनके माता-पिता ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दुर्गापूजा की परंपरा, सामाजिक एकजुटता और सेवा भावना को प्रदर्शित किया गया।
छह दशक से शहर की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी कमेटी
दुर्गापूजा के 60वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में कमेटी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने जमशेदपुर के सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन में पूजा कमेटी के लंबे योगदान को रेखांकित किया। समारोह में परंपरा, सम्मान और सामाजिक सेवा का संगम देखने को मिला।

















