Jamshedpur : प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर बुधवार को जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में भव्य नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही और अधिनियम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में सांसद Bidyut Baran Mahato, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक Purnima Sahu, झारखंड भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद Geeta Koda, पोटका की पूर्व प्रत्याशी Meera Munda तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष Neelu Machhua मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा में लाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संसद में महिलाओं की भागीदारी लगभग 13.63 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 33 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक स्तर पर भी बड़ा बदलाव आएगा।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह अधिनियम देश के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं तो परिवार, समाज और देश की उन्नति स्वतः सुनिश्चित होती है।
प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने इसे समावेशी और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि वर्षों से महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखा गया, लेकिन अब उन्हें उनका अधिकार मिल रहा है।
वहीं मीरा मुंडा ने कहा कि यह कानून देश की महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी देगा और सामाजिक न्याय की दिशा में नया अध्याय लिखेगा।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलू मछुआ ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि इस अधिनियम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी और वे अधिक सशक्त बनेंगी।
सम्मेलन का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष रूबी झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री रीना चौधरी ने दिया। कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कल्याणी शरण सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।










