नेशनल फायर डे पर सिविल डिफेंस का जागरूकता अभियान, विधायक सरयू राय ने लिया हिस्सा

SHARE:

Jamshedpur : नेशनल फायर डे के उपलक्ष्य में सिविल डिफेंस, जमशेदपुर द्वारा आग से होने वाली घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ कदमा–सोनारी लिंक रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे नागरिकों के बीच किया गया, जहां लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक Saryu Roy भी अपने सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मॉर्निंग वॉक के दौरान इसमें शामिल हुए। उन्होंने न केवल फायर फाइटिंग तकनीकों को समझा, बल्कि CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया भी सीखी और स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।

सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अरुण कुमार, वरिष्ठ सहायक सुरेश प्रसाद एवं समाजसेवी विक्रम सिंह द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई थी। इस दौरान प्रशिक्षक जितेंद्र तिवारी ने लोगों को फायर सेफ्टी, घरेलू अग्नि सुरक्षा उपायों तथा हार्ट अटैक की स्थिति में CPR देने की सही विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।



कार्यक्रम में लाइव फायर डिमॉन्स्ट्रेशन के माध्यम से आम नागरिकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। लोगों ने स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर आग बुझाने का अभ्यास किया, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा।

अपने संबोधन में विधायक सरयू राय ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम पूरे शहर में नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घरों में फायर एक्सटिंग्विशर अवश्य रखें और नए निर्माणाधीन भवनों, बाजार परिसरों एवं अस्पतालों में फायर सेफ्टी उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस की त्वरित पहुंच के लिए रास्ते सुगम बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने इस जागरूकता अभियान को समाज के अन्य वर्गों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अभियान को सफल बनाने में सिविल डिफेंस के वॉलंटियर्स—मधु राय, विवेक, पुष्कर, इंद्रजीत, मिठू, स्मृति, देवाशीष, श्रुति, इशिका, अंकिता एवं वंशिका सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Comment