यूसिल के तुम्मापल्ली प्रोजेक्ट में हिंदी पखवाड़ा संपन्न, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadughoda : यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) की आंध्र प्रदेश स्थित तुम्मापल्ली यूरेनियम परियोजना में राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि, दक्षता और जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित हिंदी पखवाड़ा का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में कडप्पा क्षेत्रीय कार्यालय की पर्यावरण अभियंता श्रीमती सुधा कुरुबा और यूसिल के महाप्रबंधक (मिल) सुमन सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, डीजीएम प्रभास रंजन तथा डीजीएम (माइंस) किशोर भगत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पुरस्कार विजेताओं, हिंदी समिति के सदस्यों, प्रतियोगिताओं की निर्णायक मंडली और कंपनी के बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।

हिंदी हमारी पहचान और शक्ति : सुधा कुरुबा

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सुधा कुरुबा ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और शक्ति है। उन्होंने कार्यालयों में द्विभाषी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हिंदी समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही, कर्मचारियों से कार्यालयीन पत्राचार और आधिकारिक संचार में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया।

यूसिल के महाप्रबंधक (मिल) सुमन सरकार ने कहा कि हिंदी पखवाड़ा कर्मचारियों को अपनी भाषायी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


तुम्मापल्ली यूरेनियम परियोजना में आयोजित हिंदी पखवाड़ा के दौरान अनुवाद, निबंध लेखन, कविता पाठ, भाषण, टिप्पण एवं प्रारूपण, पत्र लेखन और सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में अलग-अलग श्रेणियों के अंतर्गत कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में वी. नरेंद्र, सुश्री भारती एस., एस.के. शर्मा, विलियम सी., मेथ्यानंद, वरुण, जी.एन. दास, एस. बालकुलैयप्पा, सुश्री वाई. अश्विनी, डी. सुरेश, सुश्री एम. शैलजा, सुश्री हिमांशी तिवारी, सुश्री मधुमति एम.वी. और पी. श्रीहर्ष सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

प्रतिभागियों ने अपनी भाषायी दक्षता और रचनात्मक प्रतिभा का सराहनीय प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और प्रस्तुतियों की गुणवत्ता ने हिंदी के प्रति उनकी बढ़ती रुचि को प्रदर्शित किया।


कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक (पीएंडए) पी.के. नायक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त अधीक्षक (मिल) डॉ. विपिन कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए प्रबंधन, प्रतिभागियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नरवा पहाड़ से श्री के.एस. विजय कुमार, एल. राजेश, हिमांशु तिवारी, एन.वी. रेड्डी, वासुदेव रेड्डी, सुश्री राधिका, श्रीमती के. चंद्र नीलावती, डी. हरिकृष्णा, जी. राम प्रसाद, पी. भद्रोदास, सुश्री सी. अमूल्या, श्रवण कुमार और बी.टी. राव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी पखवाड़ा के माध्यम से यूसिल ने कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के नियमित उपयोग के प्रति प्रोत्साहित करने और कार्यस्थल पर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें