Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) जमशेदपुर द्वारा बुधवार को जागरूकता वैन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को उनके अधिकारों और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अभियान के तहत डालसा टीम में शामिल पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, सुनीता कुमारी, जोबा रानी बास्के एवं सुनीता झा ने साकची, कदमा, सोनारी, सीएच एरिया और बेल्डीह बस्ती सहित कई इलाकों का दौरा किया। टीम ने लोगों को डालसा के कार्यों एवं उद्देश्यों से अवगत कराते हुए उन्हें कानून के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान नागरिकों को उनके अधिकार और कर्तव्यों के साथ-साथ घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, स्पॉन्सरशिप योजना, दुर्घटना बीमा, बाल विवाह, बाल श्रम, आपदा राहत, डायन प्रथा उन्मूलन और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
डालसा टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या सहायता के लिए वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से संपर्क करें।










