Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता बाबा चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत नेता के निधन को भाजपा परिवार और जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अपने शोक संदेश में दिनेश कुमार ने कहा कि बाबा चंद्रशेखर मिश्रा का अचानक सभी के बीच से चले जाना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। जीवन की अनिश्चितता का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि दो दिन पूर्व ही उन्होंने अपने परिजनों के साथ जन्मदिन मनाया था और एक दिन पहले तक भाजपा की संगठनात्मक बैठक में सक्रिय रूप से शामिल हुए थे।
उन्होंने बताया कि बुधवार को बाबा चंद्रशेखर मिश्रा एक शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पहले संजय नंदी के यहां ले जाया गया और फिर टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाने के क्रम में उनका निधन हो गया। इस दुखद समाचार से पूरा भाजपा परिवार मर्माहत है।
दिनेश कुमार ने कहा कि बाबा चंद्रशेखर मिश्रा का संगठन के प्रति समर्पण, उनका मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत पीड़ादायक है। उनके जाने से संगठन को ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना कठिन है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और समस्त भाजपा परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

















