Jadughoda : जादूगोड़ा पंचायत के उत्तरी ईचड़ा पंचायत अंतर्गत धर्मडीह बस्ती में सड़क पर लगातार बह रहा पानी ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। सड़क पर जलभराव और फिसलन के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से जल्द समाधान की मांग की है।
यूसीआईएल (UCIL) की बाउंड्री से सटी धर्मडीह बस्ती में 100 से अधिक परिवार निवास करते हैं। बावजूद इसके, बस्ती की मूलभूत सुविधाओं का अभाव आज भी लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है।
धर्मडीह निवासी सुरेश प्रसाद (70 वर्ष) ने बताया कि पिछले 15 वर्षों में बस्ती के विकास के नाम पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उनका कहना है कि विकास की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने कभी भी बस्ती की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत के साथ-साथ यूसीआईएल ने भी धर्मडीह बस्ती की लगातार उपेक्षा की है।
ग्रामीणों के अनुसार बस्ती तक आने-जाने के लिए केवल एक ही मुख्य सड़क है, जिस पर लगातार पानी बहने से जगह-जगह फिसलन और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मजबूरी में लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं, जबकि वैकल्पिक मार्ग के रूप में यूसीआईएल कॉलोनी के भीतर से लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर बह रहे पानी की समुचित निकासी, सड़क की मरम्मत तथा बस्ती में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

















