Adityapur : प्रखंड कार्यालय नीमडीह के सभागार में जनगणना कार्य के तहत हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्माण एवं हाउस लिस्टिंग कार्य के सफल क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी (जनगणना) द्वारा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता और सफलता पूरी तरह सटीक हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के निर्माण पर निर्भर करती है। इस संबंध में सभी सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्र की भौगोलिक सीमाओं, मानचित्र एवं क्षेत्रीय विभाजन की स्पष्ट जानकारी रखने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से हाउस लिस्टिंग कार्य करने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई, ताकि कार्य पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि हाउस नंबरिंग और डेटा एंट्री के दौरान किसी भी प्रकार की ओवरलैपिंग या क्षेत्र छूटने की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कर्मी पूर्ण सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि शत-प्रतिशत शुद्ध और विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में सभी संबंधित सुपरवाइजर एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।











