टाटा स्टील समर कैंप 2026 की घोषणा, जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11 मई से खेलों का महाकुंभ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : लौहनगरी में गर्मियों की आहट के साथ खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। Tata Steel के स्पोर्ट्स डिवीजन ने अपने बहुप्रतीक्षित समर कैंप 2026 की घोषणा कर दी है, जो 11 मई से 31 मई तक JRD Tata Sports Complex में आयोजित होगा।

हर साल की तरह इस बार भी यह कैंप केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि खेल के जरिए व्यक्तित्व विकास का एक जीवंत अनुभव बनने जा रहा है। टाटा स्टील की खेल संस्कृति और अनुशासन की परंपरा इस पहल में साफ झलकती है, जहां बच्चों को सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि टीमवर्क, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसे गुण भी सिखाए जाएंगे।

पिछले साल करीब 2,995 प्रतिभागियों की भागीदारी के बाद इस बार आंकड़ा 3,500 के पार जाने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार भी समावेशिता पर विशेष ध्यान दिया गया है—40 विशेष जरूरतों वाले बच्चे और ‘मस्ती की पाठशाला’ के लगभग 60 बच्चे भी इस कैंप का हिस्सा बनेंगे।

कैंप में 19 से अधिक खेलों और गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन, तैराकी, योग, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, हॉर्स राइडिंग, रोलर स्केटिंग और बास्केटबॉल शामिल हैं। इस बार छोटे बच्चों (4-6 वर्ष) के लिए रोल बॉल स्केटिंग और सभी आयु वर्ग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल पिकलबॉल को भी शामिल किया गया है।

यही नहीं, वयस्कों के लिए सेल्फ-डिफेंस, फिटनेस और वेट लॉस जैसे विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह कैंप एक पारिवारिक उत्सव का रूप ले सके। अभिभावकों के लिए भी मनोरंजक गतिविधियां रखी गई हैं, ताकि पूरा परिवार इस अनुभव का हिस्सा बन सके।

कैंप की एक और खासियत है सुरक्षा और नैतिकता पर जोर—सभी प्रशिक्षकों को POSH और एथिकल गाइडलाइंस के तहत प्रशिक्षित किया गया है। साथ ही, एक इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन और हाइड्रेशन पर सत्र भी आयोजित होंगे।

युवा प्रतिभाओं के समग्र विकास के लिए Leading You(n)th (TLY) द्वारा विशेष वर्कशॉप भी कराई जाएंगी। 6 से 12 साल के बच्चों के लिए खेल आधारित सीखने और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान रहेगा, जबकि 13 से 19 साल के युवाओं के लिए लीडरशिप, कम्युनिकेशन और प्रेशर हैंडलिंग पर फोकस किया जाएगा।

टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट D B Sundara Ramam ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं और ऐसे कैंप युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने का मौका देते हैं।

जमशेदपुर के लोगों के खेल प्रेम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शहर का उत्साह ही उन्हें हर साल कुछ नया और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है।

इस बार का समर कैंप न सिर्फ खेल सीखने का अवसर देगा, बल्कि यह बच्चों और युवाओं के लिए एक यादगार अनुभव साबित होने वाला है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.