Jagannatpur : जगन्नाथपुर प्रखंड की सननन्दा पंचायत अंतर्गत टोला कलासाईं में बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पिछले कई दिनों से खराब पड़े 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु के प्रयास से यह पहल की गई।
विधायक सोनाराम सिंकु की अनुपस्थिति में जगन्नाथपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोरायबुरू ने नारियल फोड़कर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इससे ग्रामीणों को घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और पेयजल जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही थी। अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाए जाने से ग्रामीणों को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए प्रयासरत हैं विधायक : ललित दोरायबुरू
इस अवसर पर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोरायबुरू ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली जीवन का अभिन्न अंग बन चुकी है। बिजली के बिना दैनिक जीवन के कई जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक सोनाराम सिंकु क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।
उन्होंने कहा कि टोला कलासाईं में नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना ग्रामीणों की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नए ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष विक्रम हेंब्रम, सुशील हेस्सा, रंजीत गगराई, मथुरा लागुरी, मंगल सिंह लागुरी, विकास देवगम, डीसी देवगम, साहू देवगम, शिवा लागुरी और जसिंता लागुरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
















