Jadughoda : मुसाबनी प्रखंड स्थित सुरदा तांबा खदान के ठेका मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर रविवार को सुरदा बाजार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झामुमो नेता बाघ राय मार्डी एवं आर.के. अर्थ लिमिटेड के ठेका कर्मियों ने पूर्व में हुई वार्ता की प्रगति की समीक्षा करते हुए कंपनी प्रबंधन पर समझौते के पालन में लापरवाही का आरोप लगाया।
बैठक में ठेका कंपनी द्वारा पूर्व वार्ता के दौरान विभिन्न मांगों पर दिए गए आश्वासनों और प्रबंधन के रुख की बिंदुवार समीक्षा की गई। मजदूरों का आरोप था कि वार्ता हुए 15 दिन बीत जाने के बावजूद 13 सूत्री मांगों पर हुए समझौते को अब तक लागू नहीं किया गया है।
झामुमो नेता बाघ राय मार्डी ने कहा कि कैंटीन की व्यवस्था, वर्दी की उपलब्धता, मजदूरों का अपग्रेडेशन, प्रमोशन नीति तथा अकुशल (अनस्किल्ड) श्रमिकों को कुशल (स्किल्ड) श्रेणी में शामिल करने जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर कंपनी प्रबंधन अब तक कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है। इससे ठेका मजदूरों में गहरी नाराजगी है।
उन्होंने मजदूरों से अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से ही श्रमिक अपने हक हासिल कर सकते हैं।
बाघ राय मार्डी ने चेतावनी दी कि यदि आगामी वार्ता में भी कंपनी प्रबंधन का रवैया सकारात्मक नहीं रहा, तो मजदूरों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा और इसकी रणनीति जल्द तय की जाएगी।









