मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 14 जुलाई को सभी बूथों पर होगी BLO-BLA बैठक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 कार्यक्रम के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 (BLA-1) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ (BLO) और बीएलए-2 (BLA-2) की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान बीएलए-2 संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करेंगे। संयुक्त रूप से ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची का सत्यापन किया जाएगा, ताकि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलए-1 से अपने-अपने बीएलए-2 को सक्रिय रखने और बीएलओ के साथ नियमित समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता प्रशासन और राजनीतिक दलों के बेहतर सहयोग पर निर्भर करती है।

बैठक में मतदान केंद्रवार सत्यापन, ASDD सूची के सत्यापन, समयबद्ध क्रियान्वयन, दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

बैठक में 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, 51-सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त एवं पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें