कोल्हान विश्वविद्यालय की नामांकन समस्याओं को लेकर छात्र नेताओं ने सांसद और विधायक से की मुलाकात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया और अन्य छात्र समस्याओं को लेकर रविवार को विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष उदय मुर्मू एवं पूर्व सचिव पीपुन बारिक ने सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी से शिष्टाचार मुलाकात कर छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

छात्र प्रतिनिधियों ने सांसद और विधायक को मांग-पत्र सौंपते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के अधीन विभिन्न महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नामांकन सूची (एडमिशन शीट) जारी होने में हो रही देरी, विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली तथा अन्य शैक्षणिक समस्याओं के कारण छात्र-छात्राओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि कई कॉलेजों में समय पर नामांकन नहीं होने से विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। समस्याओं के समाधान के लिए छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है।

सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने छात्र प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक कर नामांकन प्रक्रिया सहित अन्य छात्र समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है और विश्वविद्यालय में पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुचारु नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर हरीश देवगम एवं बुढ़ान हेंब्रम भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें