Adityapur : गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर राष्ट्रीय कोल सेना का विरोध लगातार जारी है। संगठन ने घटना को गंभीर प्रशासनिक विफलता बताते हुए अब महामहिम राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाने और उसकी गरिमा की रक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
दोषियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय कोल सेना के पदाधिकारियों ने मांग की कि मामले में प्रत्यक्ष रूप से संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही यदि किसी जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में पुलिस व्यवस्था के भीतर इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
निष्पक्ष जांच होने तक जारी रहेगा आंदोलन
मामले को लेकर विरोध की रणनीति तैयार करने और आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श के लिए संगठन की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय कोल सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु बानरा और संगठन के प्रधान सचिव कोल झारखंड बोदरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिला पुलिस प्रशासन की भूमिका की समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक शीर्ष स्तर पर जवाबदेही तय नहीं होती और मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक संगठन का न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
















