Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता महाबीर मुर्मू ने जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) को बंद नहीं करने की मांग करते हुए कहा कि यह क्लब शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए उम्मीद की किरण रहा है।
उन्होंने कहा कि जेएफसी की मौजूदगी से युवाओं में यह विश्वास बना रहता है कि बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें क्लब का हिस्सा बनने और खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का अवसर मिल सकता है। यदि क्लब का संचालन बंद होता है, तो इसका सीधा असर उन सैकड़ों खिलाड़ियों के सपनों पर पड़ेगा, जो फुटबॉल के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहते हैं।
महाबीर मुर्मू ने कहा कि क्लब के बंद होने की खबर से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय खेल जगत में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने वर्षों से क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है और इसकी निरंतरता खिलाड़ियों के हित में आवश्यक है।
उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से संबंधित प्रबंधन से आग्रह किया कि जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का संचालन जारी रखा जाए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता रहे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।
















