नीमडीह स्टील प्लांट में जमीनदाताओं को नियोजन नहीं मिलने पर नाराजगी, सप्तग्राम विकास संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : नीमडीह में निर्माणाधीन एसएम स्टील प्लांट में जमीन देने वाले स्थानीय लोगों को नियोजन नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोजगार और अन्य सुविधाओं की उम्मीद में उन्होंने अपनी उपजाऊ जमीन कंपनी को दी, लेकिन प्लांट के निर्माण के शुरुआती दौर में ही उन्हें रोजगार से वंचित रखा जा रहा है।

बताया गया कि एसएम स्टील प्लांट की स्थापना के लिए नीमडीह के सात मौजों के 1,500 से अधिक लोगों से करीब 1,200 एकड़ जमीन ली गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण के दौरान रोजगार सहित कई तरह के लाभ देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब नियोजन के लिए उन्हें कंपनी कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

सप्तग्राम विकास संघ की बैठक में उठी नियोजन की मांग

सोमवार को आदरडीह स्थित सामुदायिक भवन में सप्तग्राम विकास संघ की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के प्रतिनिधियों ने जमीनदाताओं और स्थानीय युवाओं के नियोजन को लेकर चिंता जताई। संघ ने स्थानीय लोगों की सूची तैयार कर जल्द ही एसएम स्टील प्रबंधन को सौंपने का निर्णय लिया।

इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी प्रबंधन से मुलाकात कर जमीनदाताओं को जल्द रोजगार से जोड़ने का आग्रह किया।

स्थानीय लोगों को रोजगार देना कंपनी की जिम्मेदारी : जयंत रजक

सप्तग्राम विकास संघ के अध्यक्ष जयंत कुमार रजक ने कहा कि जब कंपनी के लिए जमीन ली जा रही थी, तब स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रकार के लाभ और रोजगार का भरोसा दिया गया था। लेकिन अब उनका आरोप है कि स्थानीय लोगों को नियोजित करने के बजाय बाहरी लोगों को रोजगार देकर प्लांट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “अगर विकास की परिभाषा स्थानीय लोगों को रोजगार से वंचित करना है, तो ऐसा विकास हमें नहीं चाहिए। नीमडीह के लोगों ने जमीन दी है, तो रोजगार का अवसर भी यहीं के लोगों को मिलना चाहिए।”

रोजगार नहीं मिला तो निर्माण कार्य के खिलाफ होगा विरोध

जयंत कुमार रजक ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी प्रबंधन ने स्थानीय जमीनदाताओं को जल्द रोजगार से जोड़ने की पहल नहीं की, तो संघ आगे की रणनीति तय कर कंपनी निर्माण कार्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। संघ ने स्पष्ट किया कि स्थानीय लोगों के नियोजन का मुद्दा प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें