Manoharpur : मनोहरपुर पश्चिमी पंचायत के रोड स्थित काजी मोहल्ला में राजा उर्फ मोंटू के घर के समीप स्थापित सोलर चालित जलमीनार पिछले एक माह से बंद पड़ा है। बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने से जलमीनार का सोलर पैनल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जलमीनार से मोहल्ले के निवासी, राहगीर तथा समीप स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चे और कर्मी नियमित रूप से पेयजल प्राप्त करते थे। जलमीनार बंद होने के कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता संतोष गुप्ता ने पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त को आवेदन सौंपकर क्षतिग्रस्त सोलर पैनल की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जलमीनार को जल्द चालू कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को फिर से सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अविलंब मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को जल्द बहाल किया जाना आवश्यक है।















