बालू भंडारण स्थलों का एसडीओ ने किया निरीक्षण, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil: नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के दिशा-निर्देश लागू होने के बावजूद अवैध बालू परिवहन और भंडारण की शिकायतों के बीच चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने सोमवार को विभिन्न बालू भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के बाद बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ के साथ प्रभारी चांडिल अंचल अधिकारी तुलेश्वर रोहीदास तथा चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने चांडिल-चौका-ईचागढ़ मार्ग स्थित चंदूडीह, ट्यूडूंगरी सहित अन्य स्थानों पर जेएसएमडी द्वारा अधिकृत बालू भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित संचालकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही कुछ ट्रैक्टर चालक कथित रूप से रास्ते में ही बालू गिराकर वाहन खड़े कर दिए। ग्रामीणों का दावा है कि देर रात से लेकर तड़के तक इस मार्ग पर भारी वाहनों और ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू परिवहन होता है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी। वहीं प्रशासन ने संकेत दिया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.