टाटानगर में ट्रेनों की लेटलतीफी पर सरयू राय का रेलवे पर प्रहार, 7 अप्रैल को धरना की घोषणा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने टाटानगर पहुंचने वाली ट्रेनों की लगातार देरी को लेकर रेलवे पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीते कई वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों से चलने वाली ट्रेनें Tatanagar Junction railway station पर लगातार विलंब से क्यों पहुंच रही हैं? उन्होंने रेलमंत्री से इस संबंध में जवाब देने की मांग की।

बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे जंक्शन पर प्रस्तावित धरना की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में श्री राय रेल समितियों पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सिफारिश के आधार पर समितियों में शामिल लोग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। उन्होंने पूछा कि रेल समितियां आखिर कर क्या रही हैं और उनकी भूमिका क्या है?

श्री राय ने आरोप लगाया कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के लिए यात्री ट्रेनों को घंटों रोका जाता है। सरकार को मालगाड़ियों से राजस्व मिलता है, इसलिए सवारी गाड़ियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे मुनाफा कमा रही है और उसे बढ़ाना चाहती है, लेकिन जनता की सुविधा को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विदेशों में ट्रेन विलंब होने पर रेल मंत्रालय क्षमा मांगता है और अधिक देरी होने पर यात्रियों को मुआवजा भी दिया जाता है। भारत में ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं है, इस पर भी उन्होंने सवाल उठाया।

श्री राय ने कहा कि इस धरना कार्यक्रम में भाजपा को भी साथ लिया जाना चाहिए, क्योंकि वे एनडीए के घटक हैं। उन्होंने भाजपा को पत्र लिखकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह करने तथा मंडलों में बैठकें कर व्यापक जन-जागृति अभियान चलाने की बात कही। सोशल मीडिया और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जनता दल (यू) के नगर अध्यक्ष अजय कुमार ने किया। जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, आफताब अहमद सिद्दिकी, नवीन कुमार, उषा यादव और अंजलि सिंह ने भी अपने विचार रखे। एर्नाकुलम एक्सप्रेस से जमशेदपुर पहुंचे भानु राव ने ट्रेन के विलंब से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। धन्यवाद ज्ञापन शेषनाथ पाठक ने किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें