सोनालिका शोरूम में चोरी का प्रयास, छत का टिन शेड तोड़कर घुसे चोर; नगदी सुरक्षित होने से टली बड़ी वारदात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला थाना क्षेत्र के बिरसा चौक के समीप स्थित प्रसाद मोटर्स के सोनालिका शोरूम में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। चोर शोरूम की छत का टिन शेड तोड़कर फॉल सीलिंग के सहारे कार्यालय कक्ष में दाखिल हुए। हालांकि, एक दिन पहले ही नगदी सुरक्षित स्थान पर रख दिए जाने के कारण बड़ी चोरी टल गई।

ट्रैक्टर पर चढ़कर छत तक पहुंचे चोर

मिली जानकारी के अनुसार, चोर शोरूम के पीछे की ओर से ट्रैक्टर के ऊपर चढ़कर छत तक पहुंचे। इसके बाद टिन शेड काटकर फॉल सीलिंग के सहारे कार्यालय में प्रवेश किया। अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने संचालक के केबिन में रखी अलमारी और लॉकर तोड़कर नगदी तलाशने की कोशिश की। इस दौरान कार्यालय में रखे दस्तावेजों को भी खंगाला गया।

एक दिन पहले हटाई गई थी नगदी

शोरूम संचालक शैलेश प्रसाद ने बताया कि एक दिन पहले ही शोरूम से नगदी हटाकर सुरक्षित स्थान पर रख दी गई थी। इसी वजह से चोरों को नकदी नहीं मिल सकी और बड़ी चोरी की घटना टल गई। उन्होंने बताया कि सुबह जब कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे, तो छत और फॉल सीलिंग टूटी हुई मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

अंदरूनी जानकारी होने की आशंका

शोरूम के मैनेजर कौशल झा ने बताया कि चोर सीधे कार्यालय कक्ष और संचालक के केबिन तक पहुंचे। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को शोरूम के अंदर की बनावट और व्यवस्था की जानकारी हो सकती है। हालांकि, घटना में किसी जानकार व्यक्ति की संलिप्तता की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें