Jamshedpur : दुर्गापूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी नगर निकायों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, कचरे का समय पर उठाव और श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, खानपान के स्टॉल पर डस्टबिन नहीं रखने और कचरा फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के सभी नगर निकायों में साफ-सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सड़कों, गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के साथ घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरे का व्यवस्थित उठाव सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कचरे के परिवहन और निर्धारित स्थलों पर उसके निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने का भी निर्देश दिया, ताकि त्योहार के दौरान शहर में स्वच्छता बनी रहे।
उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी गंदगी जमा न हो।
उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पूजा पंडालों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने और श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
खानपान के स्टॉल संचालकों के लिए डस्टबिन रखना अनिवार्य करने और कचरा इधर-उधर नहीं फैलाने के निर्देश देने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्ट्रीट डॉग की समस्या पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित नगर निकायों को नियमानुसार लगातार अभियान चलाने और आम नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव सहित विभिन्न नगर निकायों के विशेष पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, अभियंता और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।















