एनएच-220 पर उड़ती धूल से जनजीवन बेहाल, छोटानागपुर कॉलेज के पास हालात गंभीर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela: हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर छोटानागपुर कॉलेज, हेंसल के समीप इन दिनों उड़ती धूल और फ्लाई ऐश ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क किनारे भारी मात्रा में डंप किए गए डस्ट और राख के कारण पूरे क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह फ्लाई ऐश और धूल रुंगटा माइंस क्षेत्र से लाकर सड़क किनारे डंप की गई है। हवा चलने पर यह धूल पूरे इलाके में फैल जाती है, जिससे दृश्यता कम हो जाती है और सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है।

धूल के कारण इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रतिदिन इस सड़क से गुजरने वाले छात्र-छात्राएं, मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस और आम यात्री गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि यातायात बाधित हो जाता है।

हाल ही में एक एंबुलेंस के धूल और खराब सड़क हालात के कारण फंस जाने की घटना भी सामने आई, जिससे मरीज को समय पर इलाज नहीं मिल सका।

ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने, सड़क किनारे डंप किए गए फ्लाई ऐश को हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अनियंत्रित डंपिंग से वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिसका असर न केवल लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, बल्कि आसपास की जमीन और पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है।

अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस गंभीर समस्या का समाधान निकलता है और लोगों को राहत मिलती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.