उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोबला में गहराया पेयजल संकट, 300 मीटर दूर से पानी लाने को मजबूर बच्चे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadugoda : गर्मी की शुरुआत के साथ ही मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत माटीगोंडा पंचायत के कुलामारा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोबला में पेयजल संकट गहरा गया है। विद्यालय परिसर में लगे दोनों चापाकल खराब पड़े हैं, जिससे स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति यह है कि बच्चों को स्कूल से बाहर लगभग 300 मीटर दूर स्थित सोलर जल मीनार से पानी लाना पड़ रहा है। पानी के लिए लंबी कतार में लगना पड़ता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

विद्यालय के प्रभारी प्रकाश झा ने बताया कि स्कूल में दो चापाकल हैं, लेकिन दोनों ही खराब हैं। हर साल गर्मी के मौसम में जलस्तर नीचे चले जाने के कारण चापाकल काम करना बंद कर देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ाई छोड़कर पानी लाने में समय बिता रहे हैं, जो चिंता का विषय है।


पेयजल संकट का असर मध्याह्न भोजन पर भी पड़ रहा है। रसोइयों को खाना बनाने के लिए दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे व्यवस्था बाधित हो रही है। सहायक शिक्षक नागेंद्र कुमार कर्ण ने भी समस्या की गंभीरता को रेखांकित करते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

घने जंगलों के बीच बसे इस विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चों को बुनियादी सुविधा के लिए जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर चापाकलों की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.