सेल की गुवा खदान की पहल: लीज क्षेत्र के 10 गांवों की 10 बेटियां लेंगी मेडिकल ट्रेनिंग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Gua  : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की गुवा अयस्क खदान प्रबंधन ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस पहल के तहत लीज क्षेत्र के 10 गांवों से चयनित 10 छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षण दिलाने के लिए राउरकेला भेजा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

एएनएम और डीएमएलटी का मिलेगा दो वर्षीय प्रशिक्षण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चयनित छात्राओं को एएनएम (ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफरी) एवं डीएमएलटी (डिप्लोमा इन मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी) से संबंधित दो वर्षीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सभी छात्राओं का राउरकेला स्थित डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में दाखिला कराया गया है।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राएं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल भी हासिल करेंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनके लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार और करियर के नए रास्ते खुल सकेंगे।

बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना उद्देश्य

सेल प्रबंधन की इस सीएसआर पहल का उद्देश्य गुवा खदान के लीज क्षेत्र के 10 गांवों की बेटियों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके माध्यम से छात्राएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी, बल्कि समाज के विकास में भी योगदान दे पाएंगी।

सीजीएम ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना

इस अवसर पर गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सी.बी. कुमार ने हरी झंडी दिखाकर छात्राओं से भरी बस को राउरकेला के लिए रवाना किया। मौके पर महाप्रबंधक सुमन कुमार, सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें