Jamshedpur : साकची स्थित श्रीलेदर्स के स्वर्गीय आशीष डे ‘भाई’ की पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर साकची बाजार स्थित श्रीलेदर्स एवं होटल स्मिता (होटल डेज ऑनर्स) में परिवार के सदस्यों और दोनों संस्थानों के कर्मचारियों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक कार्यों को नम आंखों से याद करते हुए संस्थानों के माध्यम से सामाजिक दायित्वों का निरंतर निर्वहन करने का संकल्प लिया।
स्वर्गीय आशीष डे स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय सुरेश चंद्र डे के तीसरे और सबसे छोटे पुत्र थे। उन्होंने अपने पिता के विचारों और दूरदर्शी सोच को आगे बढ़ाते हुए श्रीलेदर्स को नई पहचान और मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके पिता का सपना था कि देश के प्रत्येक नागरिक के पैरों में चप्पल हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उत्पाद किफायती कीमत पर उपलब्ध कराया जाए। इसी सोच को साकार करने की दिशा में श्रीलेदर्स परिवार लगातार कार्य कर रहा है। संस्थान के माध्यम से हजारों परिवारों को रोजगार के अवसर मिले हैं और देशभर के उपभोक्ताओं तक उचित मूल्य पर बेहतर उत्पाद पहुंचाए जा रहे हैं।
स्वर्गीय आशीष डे अपने सरल स्वभाव और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने के कारण ‘भाई’ के नाम से लोकप्रिय थे। उनके सामाजिक योगदान और मानवीय व्यवहार को याद करते हुए परिवार के सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देश और समाज के हित में कार्य करते रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्रीलेदर्स साकची एवं होटल स्मिता (डेज ऑनर्स) के सदस्य, स्वर्गीय आशीष डे के परिजन, समाजसेवी मुन्ना अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
















