Novamundi : नोवामुंडी में सोमवार सुबह टाटा स्टील के वीटी सेंटर चौक के पास बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार टाटा स्टील की महिला कर्मी सुषमा सांडिल और बाइक सवार युवक जगमोहन जेराई गंभीर रूप से घायल हो गए। जगमोहन जेराई जोजो कैंप का निवासी बताया जा रहा है।
टक्कर के बाद सड़क पर बेहोश होकर गिरे दोनों वाहन सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। हादसे के बाद दोनों गंभीर अवस्था में सड़क के बीच पड़े थे। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए दोनों को नोवामुंडी टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को जमशेदपुर टीएमएच रेफर कर दिया।
ड्यूटी पर जा रही थीं महिला कर्मी
बताया जाता है कि सुषमा सांडिल संग्रामसाई से स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकली थीं। इसी दौरान जोजो कैंप की ओर से जगमोहन जेराई बाइक से नोवामुंडी बाजार की तरफ जा रहा था। वीटी सेंटर चौक के पास दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक की रफ्तार तेज थी।
घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और बाइक को जब्त कर थाने ले गई। इसके बाद पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी लेने में जुटे रहे।

















