कृषि यंत्रीकरण शिविर में किसानों और महिला समूहों को मिले कृषि यंत्र, दो समूहों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने और खेती को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर प्रखंड के भूमि संरक्षण विभाग कार्यालय में कृषि यंत्रीकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। पोटका विधायक संजीव सरदार की उपस्थिति में आयोजित शिविर में किसानों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए।

मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत दो महिला स्वयं सहायता समूहों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर प्रदान किए गए। वहीं, एसएमए योजना के तहत विभिन्न लाभुकों को कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए। व्यक्तिगत कृषि यंत्र योजना के अंतर्गत तीन लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर विभिन्न कृषि यंत्र दिए गए।

कृषि यंत्रीकरण से किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद : विधायक

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रीकरण किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कृषि उपकरणों के उपयोग से किसानों का समय और श्रम बचेगा तथा खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनुदान पर ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध करा रही है। विधायक ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।

विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से वास्तविक जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी जमशेदपुर ओम प्रकाश, जिला कृषि पदाधिकारी राम कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी रियाज अंसारी, सहायक कृषि अभियंता कृष्णकांत कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें